ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर, छिंदवाड़ा
तामिया। छिंदवाड़ा जिले की जनपद पंचायत तामिया अंतर्गत ग्राम पंचायत कपूरनाला में मनरेगा कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम नवलगांव निवासी खरगराम पिता गयाप्रसाद यादव के नाम से स्वीकृत खेत तालाब का निर्माण कराए बिना ही लाखों रुपये निकाल लिए जाने का आरोप लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त खेत तालाब के लिए तकनीकी स्वीकृति (टीएस) जारी कर मस्टर रोल में करीब 2 लाख 3 हजार 260 रुपये की राशि फर्जी हाजिरी लगाकर निकाली गई। आरोप है कि सरपंच, सचिव और सहायक सचिव ने एपीओ मनरेगा के सहयोग से पूरे मामले को अंजाम दिया।
हितग्राही किसान के बेटे का कहना है कि “हमारे खेत में कोई तालाब बना ही नहीं, और हम काम पर गए भी नहीं, फिर भी मस्टर रोल में हमारी फर्जी हाजिरी भरकर पैसे निकाल लिए गए।” इस खुलासे के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में अन्य निर्माण कार्यों में भी भारी गड़बड़ी हो रही है। गांव में लगभग 15 लाख रुपये लागत से बन रही पुलिया का निर्माण पिछले ढाई साल से अधूरा पड़ा है, जबकि पूरी राशि निकाले जाने की बात सामने आ रही है। साथ ही, पूर्व में बने एक खेत तालाब के पहली ही बारिश में टूट जाने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की, जिस पर कोई सुधार कार्य नहीं कराया गया।
ग्रामीणों ने सरपंच, सचिव और सहायक सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच करता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।




