ब्यूरो चीफ: विनीत सिंह
सीतापुर। शहर के कैप्टन मनोज पांडे चौक क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद विस्थापित हुए लोगों के हक की लड़ाई अब तेज हो गई है। मंगलवार को राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिन्दू सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की मांग उठाई।
ज्ञापन में प्रमुख मांग रखी गई कि जिन लोगों की दुकानें और आवास अतिक्रमण हटाओ अभियान में हटाए गए हैं, उन्हें शीघ्र ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आवास और वेंडर ज़ोन में दुकान उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
इस मामले में जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि पात्रता के आधार पर 15 दिनों के भीतर विस्थापित परिवारों को वेंडिंग ज़ोन में दुकान और आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बीच विकास हिन्दू ने एक बड़ा सियासी ऐलान करते हुए कहा कि वे वर्ष 2027 में सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से उठाया जाएगा।
अब देखना होगा कि प्रशासन 15 दिन के भीतर अपने वादे पर कितना खरा उतरता है और आगामी 2027 के चुनावी समीकरणों पर इस घोषणा का क्या असर पड़ता है।




