ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी, सवाई माधोपुर
जयपुर, 16 अप्रैल 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर सवाई माधोपुर इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नादौती उपखंड की एसडीएम काजल मीना, उनके रीडर दिनेश कुमार सैनी तथा वरिष्ठ सहायक प्रवीण धाकड़ को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों डिटेन किया है।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि सवाई माधोपुर एसीबी चौकी को शिकायत मिली थी कि परिवादी से उसकी भूमि की फाइनल डिक्री जारी करने के एवज में एसडीएम काजल मीना द्वारा अपने रीडर के माध्यम से रिश्वत की मांग की जा रही है। प्रारंभ में एक लाख रुपये की मांग कर बाद में 50 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी थी, जबकि रीडर द्वारा अतिरिक्त 10 हजार रुपये स्वयं के लिए मांगे गए।
शिकायत के गोपनीय सत्यापन के बाद गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई की गई। परिवादी को एसडीएम कार्यालय नादौती बुलाकर 60 हजार रुपये की रिश्वत ली गई, जिसे रीडर दिनेश सैनी ने प्राप्त कर वरिष्ठ सहायक प्रवीण धाकड़ को सौंप दिया। कार्रवाई के दौरान प्रवीण धाकड़ के बैग से 60 हजार रुपये बरामद किए गए, साथ ही बैग में 4 लाख रुपये की संदिग्ध राशि भी मिली है।
यह पूरी कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान सिंह चौधरी द्वारा की गई।
मामले में एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन तथा महानिरीक्षक एस परिमला के मार्गदर्शन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




