ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
सरवाड़। सरवाड़ पुलिस ने नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (RJ 48 SE 2143) भी जब्त कर ली है।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला ने बताया कि 7 अप्रैल 2026 को परिवादी द्वारा थाना सरवाड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी नाबालिग पुत्री (जन्म 2 नवंबर 2010) 5 अप्रैल की रात अपने कमरे में सोने गई थी, लेकिन 6 अप्रैल सुबह तक नहीं मिली। परिजनों द्वारा तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। परिवादी ने आशंका जताई कि हनुमान नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया है।
मामले में प्रकरण संख्या 107/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील के सुपरविजन एवं वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी रामपाल शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
पुलिस टीम ने मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया और मुखबिर तंत्र की मदद से तकनीकी जांच की। जांच के दौरान पीड़िता का लोकेशन सिकंदराबाद में मिला, जहां से उसे सकुशल दस्तयाब किया गया।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी हनुमान भादू (20) पुत्र सॉवरलाल, निवासी फतेहगढ़, थाना मसूदा (जिला ब्यावर) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
टीम की भूमिका सराहनीय
इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल शर्मा के साथ मुकेश यादव (सउनि.), शुभकरण, हरिराम और कमलेश की विशेष भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश गया है और आमजन में भरोसा बढ़ा है।




