ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)
बदनावर। श्री मेंखालेश्वर धाम में चल रहे पंच दिवसीय 9 कुंडीय महायज्ञ महोत्सव का आज पूर्णिमा के अवसर पर भव्य समापन होगा। महायज्ञ की पूर्णाहुति, प्राण प्रतिष्ठा एवं विशाल भंडारे के साथ आयोजन को विधिवत पूर्ण किया जाएगा।
यह धार्मिक आयोजन मस्त फक्कड़ भोलुनाथ जी महाराज के आशीर्वाद एवं खटपटी नाथ जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हो रहा है। महोत्सव के दौरान यज्ञाचार्य पंडित महेश शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। बुधवार को अन्नाधिवास एवं गुरुवार को शयनाधिवास की विधियां पूरी की गईं।
महोत्सव में संत समंदर नाथ जी महाराज, जूना अखाड़ा के सुखदेव गिरी महाराज एवं बृहस्पति महाराज सहित कई संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। चतुर्थ दिवस पर भी यजमानों ने श्रद्धापूर्वक आहुतियां अर्पित कीं।
आज होगा महाभिषेक व प्राण प्रतिष्ठा
शुक्रवार को गंगाजल से अभिषेक के साथ बाबा रामदेव जी की नवीन प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा आचार्य हेमंत शास्त्री के आचार्यत्व में विधिविधान से कराई जाएगी। इसके पश्चात महाआरती एवं भव्य भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।
राजस्थान से आई विशेष प्रतिमा
बाबा रामदेव जी की 3.5 फीट ऊंची नवीन प्रतिमा तलवाड़ा से लाई गई है, जिसे वियतनाम पत्थर से मूर्तिकार धनपाल सोमपुरा द्वारा करीब दो माह में तैयार किया गया है।
मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया है। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। समापन अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।




