ब्यूरो रिपोर्ट: डॉ. आर. के. अरसुल
बीड। बीड शहर में पिछले तीन दिनों से पेट्रोल की भारी कमी बनी हुई है, जिससे आम नागरिकों, वाहन चालकों और यात्रियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल के अभाव में वाहन संचालन प्रभावित हो गया है और लोगों के दैनिक कार्यों पर भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है।
शहर में पांच से सात पेट्रोल पंप होने के बावजूद नियमित रूप से केवल दो पंपों पर ही पेट्रोल उपलब्ध हो पा रहा है। इन पंपों पर भी सीमित मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है, जहां दोपहिया वाहन चालकों को मात्र 1 से 2 लीटर और चारपहिया वाहन चालकों को लगभग 10 लीटर पेट्रोल ही मिल रहा है। इस वजह से पंपों पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं।
पेट्रोल की कमी के चलते खासकर उन लोगों को ज्यादा दिक्कत हो रही है, जिन्हें कामकाज या अन्य जरूरी कार्यों के लिए गांवों से बाहर आना-जाना पड़ता है। शादी-विवाह के सीजन में भी लोगों को निमंत्रण पत्र बांटने और अन्य व्यवस्थाओं में बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि पूरे महाराष्ट्र में पेट्रोल की कोई व्यापक कमी नहीं है, लेकिन बीड शहर में ही इस प्रकार की समस्या उत्पन्न होने से लोगों में संदेह की स्थिति बनी हुई है।
ड्राइवरों और यात्रियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि पेट्रोल की आपूर्ति को जल्द से जल्द सुचारू किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और जनजीवन सामान्य हो सके।




