ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
भीलवाड़ा जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कारोई थाना क्षेत्र में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) विष्णु कुमार (42) का शव शनिवार सुबह थाने की मेस में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और अधिकारियों में शोक की लहर छा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एएसआई विष्णु कुमार शुक्रवार रात अपने साथी पुलिसकर्मियों के साथ मेस में सामान्य रूप से भोजन कर रहे थे। उस समय उनके व्यवहार में किसी प्रकार का तनाव या असामान्यता दिखाई नहीं दी। लेकिन शनिवार सुबह जब अन्य पुलिसकर्मी मेस में पहुंचे, तो उनका शव फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस द्वारा शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
इस दुखद घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। साथी पुलिसकर्मियों ने दिवंगत एएसआई को श्रद्धांजलि अर्पित की।




