ब्यूरो चीफ: इमरान खान, आबू रोड
सिरोही, 19 अप्रैल 2026।
रोहिडा स्थित श्री महावीर स्वामी जिन मंदिर में चल रहे अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव के पांचवें दिन प्रभु महावीर के जन्म कल्याणक का भव्य आयोजन श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पूज्य जैनाचार्य श्री रविरत्नसूरीश्वरजी म.सा. एवं आचार्य जयेशरत्नसूरीश्वरजी म.सा. की पावन निश्रा में आयोजित इस कार्यक्रम में 56 दिक् कुमारिकाओं ने आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में नगर की नन्हीं बालिकाओं ने दिक् कुमारिकाओं का स्वरूप धारण कर अनिल भाई सालेचा के मधुर संगीत की धुनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। सुप्रसिद्ध विधिकारक विरल भाई सी. शाह के मंत्रोच्चार एवं विधानों के साथ जन्म कल्याणक उत्सव को विधिवत संपन्न कराया गया। इस आयोजन में नगर की बालिकाओं को दिक् कुमारिकाएं बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जिससे परिजनों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पूज्य आचार्यश्री ने अपने प्रवचन में जन्म कल्याणक का महत्व बताते हुए कहा कि तीर्थंकर प्रभु के जन्म के समय तीनों लोकों में आनंद और उल्लास छा जाता है। स्वर्गलोक की दिक् कुमारिकाएं अवधिज्ञान से प्रभु के जन्म का ज्ञान प्राप्त कर वहां पहुंचती हैं और दर्पण, दीपक, चंवर आदि के साथ नृत्य कर उत्सव मनाती हैं। तत्पश्चात 64 इन्द्र परिवार सहित प्रभु को मेरू पर्वत ले जाकर पाण्डुशिला पर जन्माभिषेक करते हैं।
उत्सव में रोहिडा नगरवासी एकरूप वेशभूषा में 64 इन्द्रों का स्वरूप धारण कर शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और सभा में आनंद की लहर दौड़ गई। महाराष्ट्र से आए रत्न-कला ग्रुप ने भी अपनी आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम के दौरान जसनाथ स्टूडियो, सूरत द्वारा एआई तकनीक के माध्यम से दिक् कुमारिकाओं के दृश्य स्क्रीन पर प्रदर्शित किए गए, जिसे देखकर उपस्थित श्रद्धालु आश्चर्यचकित रह गए।
महोत्सव के अंतर्गत सोमवार दोपहर सिद्धार्थ राजा की ओर से प्रभु महावीर का जन्म कल्याणक उत्सव मनाया जाएगा।




