संवाददाता : सुरेश सैनी
मंडावा, — ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित शिविरों की श्रृंखला के अंतर्गत गुरुवार को ग्राम पंचायत कुहाड़ू में शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का अवलोकन जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री कैलाश चंद्र यादव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उनके साथ उपखंड अधिकारी मंडावा श्रीमती मुनेश कुमारी, विकास अधिकारी श्री लक्ष्मीनारायण मीणा, तहसीलदार डॉ. सुरेंद्र भास्कर, तथा सहायक अभियंता श्री अमित चौधरी उपस्थित रहे। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
श्री यादव ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत (100%) प्राप्त किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान और योजनाओं के लाभ को उनके द्वार तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने स्वामित्व योजना के तहत तैयार संपत्ति अधिकार पत्रों (पत्तों) का eligible लाभार्थियों को वितरण भी किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से संवाद करते हुए योजना के लाभों की जानकारी दी और उन्हें संपत्ति अधिकार पत्र का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री छोटेलाल गुर्जर भी उपस्थित रहे, जिन्होंने स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों और सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने आमजन से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
शिविर में राजस्व, कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, विद्युत, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर जनसुनवाई की और मौके पर ही कई समस्याओं का निस्तारण किया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम हैं, और इनसे प्रशासनिक पारदर्शिता व उत्तरदायित्व की भावना को बल मिलता है।




