ब्यूरो रिपोर्ट: नागेश प्रजापत, प्रतापगढ़
छोटी सादड़ी। दिल्ली में हुए तरुण खटीक हत्याकांड के विरोध में छोटी सादड़ी में खटीक समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। समाज के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
सोमवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसडीएम यंद्र पोरवाल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला अध्यक्ष भरत कुमार खटीक के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि नई दिल्ली में होली के दिन रंग से भरा गुब्बारा एक महिला पर गिरने के बाद कुछ लोगों ने युवक तरुण खटीक के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण तरुण खटीक की मौत हो गई।
समाज के लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद और अमानवीय बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार के लिए ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बंसीलाल खटीक, सूरजमल खटीक, मदन लाल सांवरिया, संजय सांवरिया, दिनेश खटीक, पारस खटीक, देवीलाल सांवरिया और अधिवक्ता जगदीश खटीक सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।




