ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी, सवाई माधोपुर
खण्डार। जिले के खण्डार कस्बे में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, जिसके चलते शहर की हालत दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। गंदगी और अव्यवस्था के कारण शहर की सुंदरता पर ग्रहण लग गया है।
शहर के मुख्य नाले कचरे से अटे पड़े हैं, जिससे पानी की निकासी बाधित हो रही है। हालात इतने खराब हैं कि कई स्थानों पर नाले ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहने लगे हैं और मुख्य बाजार तक गंदा पानी फैल रहा है। आमजन को मजबूरी में इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने और कई जगहों पर उनके क्षतिग्रस्त होने के कारण समस्या और विकराल हो गई है। क्षतिग्रस्त नालों की मरम्मत लंबे समय से नहीं की गई है, जिससे गंदा पानी सीधे सड़कों पर बह रहा है।
इसके अलावा, शहर के कई खाली भूखंड कचरा डालने के स्थान बन चुके हैं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है। हालांकि पूरे खण्डार में कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन बालेर रोड से निरला की बाड़ी होते हुए पंजाब नेशनल बैंक जाने वाले मार्ग की हालत सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, नालों की नियमित सफाई और मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।




