ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी, झुंझुनूं
पावन नवरात्र के प्रथम दिवस पर मां शाकंभरी धाम में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस शुभ अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश बसावतिया ने मां शाकंभरी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में बसावतिया ने विद्वान पंडित पंडित पवन जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही उन्हें देश के प्रख्यात विद्वान पंडित केदार जी शर्मा के दर्शन का भी सौभाग्य मिला। उन्होंने इसे अपने जीवन का अत्यंत सौभाग्यपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि नवरात्र के पहले दिन मां के दरबार में उपस्थित होकर आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है।
इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने मां के जयकारों के साथ पूजा-अर्चना कर अपने परिवार और समाज की खुशहाली की कामना की। बसावतिया ने कहा कि मां शाकंभरी की कृपा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और समृद्धि का संचार होता है।
इस अवसर पर पुजारी सेवक महासंघ राजस्थान के झुंझुनूं जिला अध्यक्ष विनोद पुजारी, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष पवन पुजारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मां के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




