ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी
बदनावर। क्षेत्र में आयोजित बाबूजी प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता इन दिनों पूरे शबाब पर है। विधायक भंवरसिंह शेखावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में प्रतिदिन रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं। मौसम की चुनौतियों के बावजूद खिलाड़ियों का जोश और जुनून देखने लायक है। हाल ही में हुई तेज बारिश के बाद भी मैदान को पुनः तैयार कर प्रतियोगिता को बिना किसी व्यवधान के जारी रखा गया, जो आयोजन समिति की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दूधिया रोशनी में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में प्रतिदिन 8 से 10 मुकाबले देर रात तक आयोजित किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इन मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र ही नहीं बल्कि दूर-दराज के लाखों क्रिकेट प्रेमी भी घर बैठे मैचों का आनंद ले रहे हैं।
शनिवार को खेले गए नॉकआउट मुकाबले में संघ आर्मी ने रघुनंदन ट्रेडिंग सनोली को 27 रनों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इससे पहले खेले गए अन्य मुकाबलों में रघुनंदन सनोली ने मुरडका 11 को 8 विकेट से, पुष्पा 11 खेरोद ने कंकराज 11 को 7 विकेट से, संघ आर्मी ने मॉर्निंग स्टार को 11 रन से तथा मस्ताना क्लब ने कुमेडी 11 को 60 रन से हराया। एक अन्य रोमांचक मुकाबले में संघ आर्मी ने पुष्पा 11 को मात्र 2 रन से मात दी, जबकि रघुनंदन ट्रेडिंग ने मस्ताना क्लब को 7 विकेट से शिकस्त दी।
प्रतियोगिता के दौरान मैन ऑफ द मैच और खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र वितरण समारोह का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर आर्यावत पत्रकार संघ के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र अग्निहोत्री, स्वतंत्र प्रेस क्लब बदनावर के अध्यक्ष मनीष शर्मा, सचिव विनय पाटीदार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दिलीपसिंह चौहान, महेश पाटीदार, राकेशसिंह चौहान, पोपसिंह राठौर, प्रदीप पंवार, मुकेश राठोड़ सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और समाजजन मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मेन्द्र अग्निहोत्री ने कहा कि विधायक भंवरसिंह शेखावत द्वारा इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन कर क्षेत्र के खिलाड़ियों को एक सशक्त मंच प्रदान किया जा रहा है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि खेल को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजनों में संसाधनों और संकल्प दोनों की आवश्यकता होती है, जिसे विधायक और उनकी टीम बखूबी निभा रही है।
कार्यक्रम का संचालन भेरूलाल वसुनिया द्वारा किया गया, जबकि अतिथियों का स्वागत विधायक प्रतिनिधि महेश पाटीदार एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में स्थानीय प्रतिभाओं को उभरने का अवसर मिल रहा है और क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
बाबूजी प्रीमियर लीग न केवल खिलाड़ियों के लिए मंच बन रही है, बल्कि सामाजिक एकता और खेल भावना को भी मजबूत कर रही है। आने वाले मुकाबलों को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।




