ब्यूरो रिपोर्ट: परमजीत शर्मा, मानसा
पावन नवरात्र पर्व के उपलक्ष्य में क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में नौजवान ब्राह्मण सभा एवं राधा रानी संकीर्तन मंडल के संयुक्त तत्वावधान में श्री ठाकुर द्वारा मंदिर परिसर में माता रानी की भव्य संगीतमय आरती का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन शाम 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित होने वाले इस भजन-कीर्तन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
मंदिर परिसर में प्रतिदिन भक्तजन बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ माता रानी के भजन गाते हैं तथा आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करते हैं। मंदिर के पुजारी एवं प्रसिद्ध भजन गायक पंडित शीश पाल शर्मा ने बताया कि नवरात्रों के दौरान यहां विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु भाग लेने आते हैं। वहीं नौजवान ब्राह्मण सभा के दुष्यंत शारदा ने जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम पिछले कई वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और हर वर्ष इसमें श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।
उन्होंने बताया कि भक्तों की गहरी आस्था है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूर्ण होती है। यही कारण है कि प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर में आरती करने पहुंचते हैं और माता रानी से अपने मनोकामनाएं मांगते हैं।
स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार यह मंदिर हजारों वर्ष पुराना है और इसकी ऐतिहासिक व धार्मिक मान्यता अत्यंत विशेष है। मंदिर में स्थापित भगवान की प्रतिमा वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर की प्रतिमा से हू-ब-हू मिलती-जुलती है, जो यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है।
मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के साथ श्री सुभद्रा एवं बलराम जी की सुंदर मूर्तियां भी विराजमान हैं। इसके अतिरिक्त यहां मां दुर्गा, हनुमान जी, भैरव जी और भगवान शंकर के आकर्षक मंदिर भी स्थित हैं, जहां भक्तजन दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
नवरात्र के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर है, जहां हर दिन भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि वातावरण को भक्तिमय बना रही है।




