ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं, 2 मई ।
राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से शनिवार रात्रि उड़ावास पंचायत में ग्राम रथ अभियान के तहत रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
विधायक राजेंद्र भांबू की अध्यक्षता में आयोजित इस रात्रि चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क व अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर विधायक भांबू ने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है और ऐसे आयोजनों से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी कौशल्या बिश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।




