ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं, 2 मई।
जनगणना-2027 के तहत चल रहे स्वगणना अभियान को लेकर झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने शनिवार को स्वयं ऑनलाइन स्वगणना प्रपत्र भरकर आमजन को जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कराते हुए लोगों से इस महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
विधायक भांबू ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास की रूपरेखा तय करने वाली एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। यह राष्ट्र निर्माण का आधार है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जाती है। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं और नीतियों का निर्माण करती है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिलता है।
उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि 15 मई तक स्वगणना पोर्टल पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार के सभी सदस्यों की सही एवं त्रुटिरहित जानकारी दर्ज करें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि स्वगणना से न केवल समय की बचत होती है, बल्कि प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनती है।
विधायक ने विशेष रूप से युवाओं, शिक्षित वर्ग और जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में आगे आकर अन्य लोगों को भी प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वगणना में भाग ले सकें। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश के इस महाभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे।
इस पहल के माध्यम से विधायक भांबू ने न केवल एक उदाहरण प्रस्तुत किया, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि जिम्मेदार नागरिक बनकर ही हम देश के विकास में सार्थक भूमिका निभा सकते हैं।




