ब्यूरो रिपोर्ट: कमरुद्दीन अहमद, अमेठी
अमेठी।
जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने हाइवे किनारे खड़ी स्कूटी सवार तीन छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के धरौली मोड़ स्थित नेशनल हाईवे के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि छात्राएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुसाफिरखाना भिजवाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों छात्राओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।




