ब्यूरो रिपोर्ट: जतिंदर कुमार मित्तल, फरीदकोट
बाजाखाना, 5 मई। सीआईए स्टाफ जैतो और थाना बाजाखाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एएसआई जसवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर गांव सेढ़ा सिंह वाला से उकंदवाला मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पैदल जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान राज उर्फ बाबा राजू पुत्र बोहड़ नाथ, निवासी आबा बस्ती, फिरोजपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना बाजाखाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी (इन्वेस्टिगेशन) अवतार सिंह ने बताया कि इस संबंध में एफआईआर नंबर 68, दिनांक 2 मई 2026 दर्ज कर आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह अवैध हथियार कहां से लाया और इसके पीछे उसका क्या मकसद था।




