ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनू/नवलगढ़, 5 मई।
जिले में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवलगढ़ पुलिस थाना एवं डीएसटी झुंझुनू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कोलसिया में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में सट्टा संचालन में उपयोग होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। टीम का नेतृत्व थानाधिकारी अजय सिंह और डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा ने किया।
आरोपी और बरामदगी
पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार धाकड़ (35), निवासी केसरपुरा सलावटिया थाना बिजोलिया, जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से—
- 3 लैपटॉप
- 2 सेटअप बॉक्स (31 कीपैड मोबाइल कनेक्टेड)
- 5 मल्टीमीडिया मोबाइल, 3 कीपैड मोबाइल
- 8 सिम कार्ड, 10 एटीएम कार्ड
- 6 बैंक पासबुक, 1 चेकबुक
- 2 डोंगल सहित अन्य उपकरण
जब्त किए गए।
इसके अलावा एक डायरी और 12 रजिस्टर भी बरामद किए गए, जिनमें आईपीएल क्रिकेट मैचों पर करोड़ों रुपए के सट्टे का तारीखवार हिसाब-किताब दर्ज मिला है। पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरार आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान तीन आरोपी—सुभाष, चेतन और हेमंत दूत निवासी कोलसिया—मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। गिरफ्तार आरोपी अनिल को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
सट्टे का तरीका
जांच में सामने आया कि आरोपी भोले-भाले लोगों के बैंक खाते किराये पर लेकर उनके दस्तावेज अपने पास रखते थे। इसके बाद विदेशों से ऑनलाइन सट्टा साइट और पैनल खरीदकर मोबाइल के जरिए व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप बनाते थे। देशभर से ग्राहकों को जोड़कर उनकी आईडी बनाकर आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाया जाता था। जीती रकम को बिटकॉइन और यूएसडीटी में बदलकर बैंक खातों के जरिए निकाला जाता था।
पुलिस टीम
कार्रवाई में नवलगढ़ थाना और डीएसटी झुंझुनू की संयुक्त टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे, जिनकी मेहनत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह सफलता मिली।




