ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहात थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की अवैध खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा के पौधे जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना देहात पुलिस को 1 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि खजरी क्षेत्र के निजाम बगीचा स्थित कैलाश विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति अपने घर के पीछे खेत में अवैध रूप से गांजा उगा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जी.एस. राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस ने मौके से आरोपी प्रकाश सांवले (35 वर्ष) को हिरासत में लेकर खेत की तलाशी ली। तलाशी के दौरान खेत में दो अलग-अलग स्थानों पर गांजा के पौधे लगे पाए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 7 गांजा के पौधे उखाड़कर जब्त किए, जिनका कुल वजन लगभग 2 किलो 600 ग्राम बताया गया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 26 हजार 500 रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जी.एस. राजपूत, उपनिरीक्षक महेश अहिरवार, हर्ष नागड़े, संदीप सिंह राजपूत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




