ब्यूरो चीफ: अकलीम अहमद
अमेठी | क्षेत्र में आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम के कारण कई जगहों पर मकानों की दीवारें गिर गईं, जबकि छतों पर लगे सोलर पैनल टूटकर नीचे गिर पड़े।
आंधी के दौरान सैकड़ों पेड़ और विद्युत पोल धराशायी हो गए, जिससे कई मार्ग बाधित हो गए और बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सड़कों पर गिरे पेड़ों और खंभों के चलते आवागमन भी प्रभावित रहा। चौराहों पर लगे साइन बोर्ड भी तेज हवाओं की चपेट में आकर गिर गए।
विभिन्न स्थानों पर हुई घटनाओं में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, वहीं दर्जनों मवेशी भी चोटिल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचाया गया।
तेज आंधी और बारिश के साथ गिरे ओलों ने आमजन का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई जगहों पर आयोजित वैवाहिक कार्यक्रमों में लगे टेंट भी उड़ गए, जिससे आयोजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। बिजली विभाग की टीमों को आपूर्ति बहाल करने के लिए लगाया गया है, वहीं सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने का कार्य भी जारी है।




