ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी
सवाई माधोपुर ।
जिला मुख्यालय के रामद्वारा क्षेत्र के आगे देर रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रैक्टर चालक सहित एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली एक शादी समारोह से टेंट हाउस का सामान लेकर सवाई माधोपुर शहर की ओर आ रही थी। इसी दौरान एनएच-552 पर वन विभाग की राजबाग चौकी के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में भरा टेंट का सामान सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना व शहर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा करवाया तथा सड़क पर बिखरे सामान को हटवाकर यातायात को सुचारु किया।
कोतवाली थाना के एएसआई सोसाईलाल ने बताया कि हादसा रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच हुआ, जब ट्रॉली जाकिर टेंट हाउस के लिए सामान लेकर आ रही थी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, केवल चालक और एक अन्य व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में कराया गया।
हादसे के बाद पुलिसकर्मियों ने स्वयं मौके पर जुटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा करवाने और यातायात बहाल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे जल्द ही हाईवे पर आवागमन सामान्य हो सका।




