ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर, छिंदवाड़ा
बिछुआ विकासखंड के अंतर्गत आने वाली एकीकृत माध्यमिक शाला डोला पाजंरा में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा स्कूल का ताला तोड़कर अंदर घुसने और शासकीय रिकॉर्ड से छेड़छाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना से विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने विद्यालय के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना फोन के माध्यम से विद्यालय के प्राचार्य को दी। सूचना मिलते ही प्राचार्य मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि स्कूल का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों व सामग्री के साथ छेड़छाड़ की गई है। साथ ही विद्यालय परिसर में भी नुकसान पहुंचाए जाने के संकेत मिले हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
विद्यालय प्रशासन एवं ग्रामीणों ने इस घटना की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।




