ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी
धार। जिले के राजोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम साजोद निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। फरियादिया आशाबाई पति आशीष शर्मा ने स्वयं को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष बताते हुए कहा कि उन्हें लंबे समय से राजनीतिक द्वेष के चलते प्रताड़ित किया जा रहा है।
आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि बदनावर निवासी जयसूर्या पिता राजमल सूर्या, जो हाल ही में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बने हैं, तथा राजोद निवासी दीपक फेमस द्वारा उनके और उनके पति के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियां दी गई हैं। पीड़िता के अनुसार 6 जून 2024 को एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद आरोपी उनके घर पहुंचे और विवाद करते हुए मारपीट की।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद अज्ञात मोबाइल नंबरों से लगातार फोन कॉल कर धमकियां दी गईं और गांव छोड़ने का दबाव बनाया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के राजनीतिक प्रभाव के चलते पूर्व में की गई शिकायतों पर पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ते गए।
डर और असुरक्षा के माहौल के चलते पीड़िता को कुछ समय के लिए गांव छोड़कर अन्य स्थान पर रहना पड़ा। हाल ही में गांव लौटने पर भी आरोपियों द्वारा उनका पीछा कर पुनः धमकियां देने की बात सामने आई है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस मामले में पीड़िता आशा शर्मा ने बताया कि वह लंबे समय से मानसिक और सामाजिक दबाव झेल रही हैं और अब न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस प्रशासन के पास पहुंची हैं। वहीं उनके पति आशीष शर्मा ने भी घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इधर, भाजपा जिला अध्यक्ष नीलेश भारती ने कहा कि मामले की जानकारी लेकर उचित स्तर पर चर्चा की जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। अब देखना होगा कि पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।




