ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
शाहपुरा। हिंदुस्तान स्काउट राजस्थान राज्य द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेंद्र मार्ग में संचालित स्काउट-गाइड दल ने शिक्षा मंत्री एवं हिंदुस्तान स्काउट के प्रदेश अध्यक्ष मदन दिलावर का जन्मदिवस ‘तेजस उत्सव’ के रूप में मनाया। इस अवसर पर सिंधु नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में परिंडे बांधकर ‘जीव दया, पक्षी बचाओ’ का संदेश दिया गया।
स्काउट मास्टर प्रभारी पवन बावरी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्काउट छात्रों ने ‘जीव दया, पक्षी बचाओ’ के नारों के साथ शपथ ली तथा परिंडों में नियमित दाना-पानी डालने का संकल्प लिया। आयोजन में अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब एवं स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान का भी सहयोग रहा।
कार्यक्रम में विधायक कार्यालय प्रभारी बाबूलाल टांक और संजय राठी ने छात्रों को जीव दया और पशु-पक्षियों की रक्षा का संदेश दिया। बाबूलाल टांक ने कहा कि स्काउट का पहला कर्तव्य जीव-जंतुओं की रक्षा करना है और स्काउट-गाइड को प्रकृति प्रेमी के रूप में जाना जाता है। उन्होंने स्काउट-गाइड ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना के लिए विधायक से चर्चा करने का आश्वासन भी दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र गहलोत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्काउट गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आपदा के समय स्काउट-गाइड हमेशा पहली पंक्ति में खड़े होकर राष्ट्र और समाज सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हिंदुस्तान स्काउट के जिला प्रभारी मोहन लाल महरिया ने बताया कि स्काउट-गाइड द्वारा आज से सेवा पखवाड़े की शुरुआत की गई है, जिसे ‘तेजस’ नाम दिया गया है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर सहयोग मिल रहा है, जिससे विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों को भी पक्षियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में रामचंद्र मूंदड़ा, राजेश कुमार शर्मा, विक्रम सिंह चौधरी, सत्येंद्र माली, घुमान जैन, राजवीर सिंह खंगारोत, राजवीर सिंह चुंडावत, अंकित शाह एवं राजेश माली सहित कई लोगों का सहयोग रहा।




