ब्यूरो चीफ: विजय द्विवेदी, बदनावर (मध्य प्रदेश)
नवकार सेवा संस्थान द्वारा “फाग उत्सव–महिला दिवस” समारोह उत्साह, उमंग एवं सम्मान के वातावरण में गरिमापूर्ण रूप से आयोजित किया गया। रंगों की मधुर छटा, सखियों की मुस्कान और आत्मीय स्नेह से परिपूर्ण यह आयोजन सामाजिक सरोकारों और नारी सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण बना।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि नारी शक्ति के आत्मबल, समर्पण और समाज में उनके योगदान को सम्मानित करना था। संस्थान की अध्यक्षा साधना जी गोरवाड़ा के कुशल नेतृत्व में संस्था वर्षभर शिक्षा सेवा, जीवदया, गौसेवा, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण तथा नेत्रदान–देहदान जैसे सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
समारोह में तम्बोला, फाग गीत, नृत्य, रंग–गुलाल, सुस्वाद व्यंजन, फोटोग्राफी एवं रील निर्माण जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय सदस्याओं का सम्मान भी किया गया।
इसी अवसर पर ग्रुप की मीडिया प्रभारी शालिनी पाटोदी के “पैरा लीगल वालंटियर” के रूप में चयनित होने पर उनका अभिनंदन किया गया। इस उपलब्धि पर उपाध्यक्ष डॉ. दीपशिखा जैन द्वारा प्रेरणादायी उद्बोधन देते हुए सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया गया तथा उन्होंने कहा कि पैरा लीगल वालंटियर समाज के जरूरतमंद लोगों को न्याय की सही दिशा दिखाने में महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं।
ग्रुप की कोषाध्यक्ष वैशाली जी बोकाडिया ने कहा कि अध्यक्षा के सशक्त नेतृत्व में संस्था दिन-प्रतिदिन उन्नति की ओर अग्रसर हो रही है और फाग गीतों में समा बांधा।
ग्रुप की सचिव निशा जी मंडलेचा ने भी फाग उत्सव के गीतों में उनका साथ दिया और सभी कार्यकारिणी के सक्रिय सहयोग की विशेष सराहना की गई।
समारोह के अंत में सभी पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी का आभार व्यक्त करते हुए समाज में नारी शक्ति के सम्मान एवं सेवा कार्य को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।




