जिला ब्यूरो: असलेखा चौरिया, जिला छिंदवाड़ा (मध्य प्रदेश)
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण ने गुरुवार को कलेक्टर कक्ष में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की। यह बैठक दो सत्रों में संपन्न हुई, जिसमें अलग-अलग विभागों के निर्माणाधीन कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के प्रथम सत्र में सड़क निर्माण से संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इसमें लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण, एम.पी. रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
दूसरे सत्र में भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों की समीक्षा की गई। इसमें जनजातीय कार्य विभाग, म.प्र. हाउसिंग बोर्ड तथा लोक निर्माण विभाग (भवन) के अंतर्गत संचालित निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण ने सभी निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




