ब्यूरो चीफ: जसवंत सिंह, शिव बाड़मेर
उण्डू-रतेऊ सड़क मार्ग पर गुरुवार शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार बिना नंबर की स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भियाड़ चौकी व शिव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। वहीं मृतक के शव को भियाड़ सीएससी लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक नरपत पुत्र हरखाराम (30) जाति भील निवासी उण्डू अपने घर पन्नावास से कोल्ड ड्रिंक लेने के लिए उण्डू जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही बिना नंबर की स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे नरपत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके साथ बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज मेडिपल्स अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा शिव थाना क्षेत्र के भियाड़ चौकी हल्का क्षेत्र में हुआ।




