ब्यूरो चीफ: प्रहलाद जणवा, प्रतापगढ
दशहरा मैदान के पास दादावाड़ी स्थित श्री सिद्धाचल सेवा समिति परिसर में शनिवार को दिव्यांगजनों के लिए तृतीय निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 7 से 9 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
शिविर का आयोजन भारत विकास परिषद, प्रतापगढ़ के सहयोग से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजस्थान सरकार तथा श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। शिविर में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचकर निःशुल्क योजना का लाभ ले रहे हैं।
शिविर के दौरान चयनित दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ट्राईसाइकिल, कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, केलिपर्स, व्हीलचेयर, बैसाखी, कान की मशीन, बुजुर्ग छड़ी तथा स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक जैसे उपकरण निःशुल्क प्रदान किए जा रहे हैं। शिविर प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से संचालित हो रहा है।
आयोजकों के अनुसार शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को सहारा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों से यूडीआईडी कार्ड, मेडिकल प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड साथ लाने का अनुरोध किया गया है।
भारत विकास परिषद, शाखा प्रतापगढ़ के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के अधिक से अधिक दिव्यांगजनों से शिविर में पहुंचकर निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।




