ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
भीलवाड़ा जिले में जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वगणना अभियान की प्रभावी शुरुआत हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग डॉ. सोनल राज कोठारी ने बताया कि जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला वन अधिकारी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं स्वगणना पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर अभियान की शुरुआत की। अधिकारियों की इस पहल से आमजन में भी स्वगणना को लेकर उत्साह बढ़ा है।
जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिले के अधिकांश राजकीय कार्यालयों के कार्मिकों ने भी स्वयं स्वगणना में भाग लेकर उदाहरण प्रस्तुत किया है। सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक सीधे इस राष्ट्रीय कार्य से जुड़ सकते हैं। उन्होंने इसे सरल और सुविधाजनक प्रक्रिया बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने का आग्रह किया।
प्रशासन को उम्मीद है कि आमजन की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान जिले में सफलतापूर्वक पूर्ण होगा।




