ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर
छिंदवाड़ा। जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण ने कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में जल जीवन मिशन एवं जल निगम की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में ग्रीष्म ऋतु के मद्देनज़र जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न न हो, इसके लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जल स्रोतों की नियमित मॉनिटरिंग, खराब हैंडपंपों एवं पाइपलाइन की त्वरित मरम्मत तथा जल वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में छिंदवाड़ा जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की जलापूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में जल संकट की संभावना है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था जैसे टैंकर से जलापूर्ति की योजना पहले से तैयार रखी जाए।
साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए तथा मध्य प्रदेश जल निगम एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और जिले में चल रहे कार्यों की प्रगति से कलेक्टर को अवगत कराया।




