ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
चित्तौड़गढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य संगठन द्वारा एक निजी होटल में नव नियुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के सम्मान में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी नवनियुक्त अधिकारियों का माल्यार्पण कर, कुमकुम तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष विपुल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले चार वर्षों में सीएचओ ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत अब ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं सहजता से उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सीएचओ की तैनाती से पीएचसी, सीएचसी, उपजिला अस्पताल एवं जिला अस्पतालों में ओपीडी का दबाव कम हुआ है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
नव नियुक्त सीएचओ के आगमन से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम में संगठन के जिला संरक्षक डॉ. सी.पी. पटेल, जिला महासचिव सुनील गवारिया, हेमराज मीणा, जिला मंत्री शौकीन रेगर, ब्लॉक अध्यक्ष राकेश पानिया, सुनीता धाकड़, चिरंजीव रेगर, पूर्णिमा पलाडिया सहित सैकड़ों सीएचओ मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रईस मंसूरी ने किया।




