ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी
सवाई माधोपुर, 2 मई ।
प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम रथ अभियान 2026 के तहत एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप यह पहल विशेष रूप से कृषकों, पशुपालकों और ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से की जा रही है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने बताया कि शनिवार को ग्राम रथों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोगोर, सेलु, दोबड़ा कलां और मखौली, खंडार क्षेत्र की गोठबिहारी, नायपुर, खिरदरपुर जादौन एवं तलावड़ा, बामनवास क्षेत्र की रानिला, बड़ीला, दातासुती, टुंडीला, टौड़ा, डूंगरवाड़ा, भांवरा एवं अमावरा तथा गंगापुर सिटी क्षेत्र की नारायणपुर टटवाड़ा, तलावड़ा, कुनकटा एवं मच्छीपुरा में ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान एलईडी मोबाइल वैन के जरिए योजनाओं से संबंधित वीडियो, ऑडियो और जानकारी प्रदर्शित कर आमजन को जागरूक किया जा रहा है, जिससे लोग योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठा सकें।
लोक कलाकारों ने दी जागरूकता की प्रस्तुति
ग्राम रथ अभियान के तहत गांवों में कला जत्था के लोक कलाकारों द्वारा लोक गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन कर ग्रामीणों को विकास योजनाओं, अधिकारों एवं जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।
सुझाव पेटिका से आमजन की भागीदारी
ग्राम रथों पर सुझाव पेटिका भी रखी गई है, ताकि ग्रामीण अपने सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकें। इस पहल से आमजन की भागीदारी सुनिश्चित हो रही है और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता व प्रभावशीलता बढ़ रही है।




