ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर
छिंदवाड़ा, 07 मई 2026। प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में जिले के विकास कार्यों, गेहूं उपार्जन, पेयजल व्यवस्था और प्राकृतिक खेती सहित विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सांसद विवेक बंटी साहू, अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने गेहूं उपार्जन और ई-टोकन प्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को स्लॉट बुकिंग और खाद वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यदि सर्वर या तकनीकी समस्या सामने आती है तो राज्य स्तर पर समन्वय कर उसका तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही खाद की उपलब्धता की जानकारी किसानों तक मीडिया और प्रचार माध्यमों से नियमित रूप से पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में 84 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से गेहूं खरीदी की जा रही है। अब तक 29 हजार 585 पंजीकृत किसानों में से 18 हजार 220 किसानों ने स्लॉट बुकिंग कराई है तथा 8 हजार 330 किसानों से 46 हजार 171 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। स्लॉट बुकिंग 23 मई तक और खरीदी कार्य 26 मई तक जारी रहेगा।
पेयजल समस्या के स्थाई समाधान पर जोर
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नल-जल योजनाएं सुचारू रूप से संचालित रहें। उन्होंने कहा कि पेयजल कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहें तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों का रिकॉर्ड संधारित कर ग्रामीणों से फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पाइप लाइन बिछाने के बाद खराब सड़क मरम्मत कार्यों पर नाराजगी जताते हुए गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। वहीं नगर निगम छिंदवाड़ा सहित चौरई, जुन्नारदेव और परासिया में पेयजल समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बैठक कर स्थाई समाधान निकालने के निर्देश दिए। अमृत 2.0 योजना के कार्यों में देरी पर भी उन्होंने ठेकेदारों पर नाराजगी जताई और समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मंडी व्यवस्था और किसानों की समस्याओं पर भी चर्चा
बैठक में कृषि उपज मंडी कुसमेली में किसानों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठा। बताया गया कि व्यापारी तय समय सीमा के बाद भी अनाज मंडी शेड में रखे रहते हैं, जिससे किसानों को दिक्कत होती है। इस पर प्रभारी मंत्री ने व्यापारियों से शासन के नियमों का पालन करते हुए समय पर अनाज उठाने की अपील की।
जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने प्राकृतिक और जैविक खेती के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि रासायनिक खेती का असर मानव और मिट्टी दोनों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने जिले में जैविक खेती कर रहे किसानों की सराहना करते हुए जनप्रतिनिधियों से भी इस दिशा में किसानों को प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी प्राकृतिक एवं जैविक खेती से उत्पादित खाद्यान्न का उपयोग कर रहे हैं।
बैठक में जिले के समग्र विकास, किसानों की सुविधा और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।




