ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर, छिंदवाड़ा
परासिया। सिविल अस्पताल परासिया में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की स्थाई पदस्थापना की मांग को लेकर परासिया विधायक सोहनलाल वाल्मीक द्वारा किया गया एक दिवसीय धरना एवं अनशन प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।
विधायक श्री वाल्मीक ने सिविल अस्पताल में बच्चों के उपचार हेतु विशेषज्ञ चिकित्सक की लंबे समय से कमी को गंभीर मुद्दा बताते हुए अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू किया था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के मरीजों, विशेषकर बच्चों को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरना स्थल पर जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा विधायक को लिखित पत्र सौंपा गया, जिसमें एक माह के भीतर सिविल अस्पताल परासिया में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की स्थाई पदस्थापना किए जाने का आश्वासन दिया गया। लिखित आश्वासन मिलने के बाद विधायक ने अपना एक दिवसीय अनशन और धरना समाप्त कर दिया।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे। विधायक श्री वाल्मीक ने कहा कि यदि तय समय सीमा में डॉक्टर की पदस्थापना नहीं होती है तो आगे फिर आंदोलन किया जाएगा।




