ब्यूरो रिपोर्ट: परमजीत शर्मा, मानसा
जिला मानसा के गांव हीरों खुर्द में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पशुओं के शेड में अचानक आग लगने से कई पशुओं की जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेहनतकश परिवार से संबंधित चित्तू सिंह पुत्र विसाखी सिंह के पशु शेड में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि शेड में बंधे पशुओं को बचाया नहीं जा सका और वे जिंदा जल गए। इस हादसे से परिवार गहरे सदमे में है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान होने से बच गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वह इस भारी नुकसान से उबर सके।




