ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं/खेतड़ी, 21 अप्रैल ।
जिले में जारी हीट वेव अलर्ट के मद्देनज़र स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने मंगलवार को उप जिला अस्पताल खेतड़ी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डॉ. गुर्जर ने वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने दवा योजना, जांच सेवाएं एवं सिजेरियन डिलीवरी जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमएचओ ने विशेष रूप से “मा योजना” के तहत पात्र मरीजों के पैकेज समय पर बुक करने के निर्देश दिए, ताकि अधिकाधिक लाभार्थियों को योजना का फायदा मिल सके। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को गर्मी के मौसम को देखते हुए आवश्यक दवाइयों, पेयजल एवं अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. गुर्जर ने स्पष्ट किया कि हीट वेव के दौरान मरीजों को त्वरित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी वार्डों में कूलर, पंखे एवं पर्दों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर पीएमओ डॉ. अक्षत शर्मा एवं बीसीएमओ डॉ. हरीश यादव सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।




