ब्यूरो रिपोर्ट: प्रहलाद जणवा
मूंगाणा। कस्बे के समीप धाणी फले क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक सूरज (8) पुत्र गोपाल मीणा, निवासी धाणी जुनी बोरदा, कक्षा 3 का छात्र था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे खाना खाने के बाद सूरज घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह घर की छत पर पहुंच गया, जहां घरेलू एलटी लाइन की चपेट में आने से उसे तेज करंट लग गया। उस समय परिजन पास में आयोजित एक शादी समारोह व अन्य घरेलू कार्यों में व्यस्त थे।
दोपहर 3 से 4 बजे के बीच जब बच्चा नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान छत पर लोहे के टिन पर बच्चे का हाथ दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर वह मृत अवस्था में मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विद्युत विभाग की टीम ने भी मौके का जायजा लिया। ग्राम पंचायत सरपंच व ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की तैयारी की गई। समाचार लिखे जाने तक पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठे सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मोर्चरी (शवगृह) की सुविधा नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम जैसी जरूरी प्रक्रिया में देरी होती है।
इसके अलावा डॉक्टरों के लिए आवासीय क्वार्टर भी उपलब्ध नहीं हैं। चिकित्सक 1 से 2 किलोमीटर दूर निवास करते हैं, जिससे आपात स्थिति में समय पर उनकी उपलब्धता प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सीएचसी में शीघ्र मोर्चरी की व्यवस्था की जाए तथा डॉक्टरों के लिए आवासीय क्वार्टर बनाए जाएं, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं में समय पर उपचार मिल सके।




