ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक
भीलवाड़ा। राजस्थान अधिकारी कर्मचारी माइनॉरिटी एसोसिएशन (रकमा) के प्रदेश संरक्षक एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष जाहिद अली के राजस्थान शासन सचिवालय अधिकारी संघ में महामंत्री निर्वाचित होने पर शाहपुरा एवं भीलवाड़ा इकाई में हर्ष का माहौल रहा। इस अवसर पर रकमा की स्थानीय इकाइयों द्वारा बैठक आयोजित कर खुशी व्यक्त की गई तथा नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दी गईं।
राजस्थान शासन सचिवालय में आयोजित राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी संघ की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी के भव्य एवं गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता रही। समारोह में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस दौरान शासन सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत जाहिद अली को राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी संघ के महामंत्री पद की शपथ दिलाई गई। उल्लेखनीय है कि वे इस पद पर आसीन होने वाले प्रथम मुस्लिम अधिकारी हैं, जिससे संघ के इतिहास में एक नई उपलब्धि जुड़ गई है। उनके चयन से संगठन में उत्साह का वातावरण है तथा सदस्यों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
जाहिद अली इससे पूर्व रकमा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उनके नेतृत्व कौशल, संगठनात्मक क्षमता एवं प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए संघ के सदस्यों ने उनके चयन का स्वागत किया और संगठन के सशक्त नेतृत्व की उम्मीद जताई।
समारोह में सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इधर, रकमा के भीलवाड़ा जिला अध्यक्ष मोहम्मद सलीम डायर ने बधाई संदेश जारी कर जाहिद अली एवं नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। वहीं शाहपुरा में रकमा कोचिंग क्लासेस पर आयोजित बैठक में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।




