ब्यूरो चीफ: इमरान खान
आबूरोड। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन द्वारा 15 अप्रैल 2026 को घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आबूरोड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल छा गया। विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक सभी इस उपलब्धि से गौरवान्वित नजर आए।
विद्यालय के होनहार विद्यार्थी सोमाराम ने 94.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं दिवेश कुमार ने 93.80 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा शेखर राव ने 88.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। संस्था के निदेशक सांवरमल जाट, प्रशासनिक सदस्य सरिता चौधरी, प्राचार्य विजेश कुमार चौबीसा तथा उपप्राचार्य फिरोज खान ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शत-प्रतिशत परिणाम के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य विजेश कुमार चौबीसा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल अच्छे परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के कारण विद्यालय के विद्यार्थी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर परिणाम देने की आशा व्यक्त की।




