ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी, झुंझुनूं
जयसिंह राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खेतड़ी में गुरुवार को पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत (आरपीएस) के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी जुल्फीकार अली (आरपीएस) के सुपरविजन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान थानाधिकारी खेतड़ी मोहनलाल ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ को मादक पदार्थों—गांजा, अफीम, चरस और स्मैक—के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की सूचना पुलिस को देने के लिए सभी को प्रेरित किया गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के उपयोग के दौरान होने वाले साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में राजकॉप सिटीजन एप डाउनलोड करने एवं उसके उपयोग से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई तथा इसके पम्पलेट स्कूल परिसर में चस्पा कर वितरित किए गए।
पुलिस टीम ने ‘सजग पड़ोसी योजना’ के तहत आसपास के क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों एवं घरेलू सहायकों के सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही टोल-फ्री साइबर हेल्पलाइन नंबर, महिला सुरक्षा (गरिमा) नंबर एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देकर विद्यार्थियों को सतर्क रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों से समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।




