ब्यूरो चीफ: अकलीम अहमद, अमेठी
जनपद के रामनाथपुर गांव में स्मार्ट मीटर की कथित ओवर बिलिंग का मामला सामने आया है, जहां एक परिवार पिछले तीन दिनों से अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर है। पीड़ित उपभोक्ता का आरोप है कि नियमित रिचार्ज करने के बावजूद मीटर में अचानक भारी निगेटिव बैलेंस दिखने लगा, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
परिवार का कहना है कि उनके घर में बिजली का उपयोग सीमित है, इसके बावजूद असामान्य रूप से अधिक बिल दिखाया गया है, जिससे वे हैरान और परेशान हैं। उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर स्थानीय विद्युत अधिकारियों से संपर्क किया गया, जहां इसे तकनीकी खराबी बताते हुए 1912 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
हालांकि, शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अब तक कोई समाधान नहीं हो सका है। इस बीच भीषण गर्मी के चलते छोटे बच्चों सहित पूरा परिवार भारी दिक्कतों का सामना कर रहा है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ओवर बिलिंग को ठीक किया जाए और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।




