ब्यूरो चीफ: इमरान खान, आबू रोड
सिरोही। नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने अपने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार श्री पावापुरी तीर्थ-जीव मैत्री धाम पहुंचकर भगवान श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने गोशाला में कामधेनु गौमाता की पूजा की तथा पशु चिकित्सालय में भर्ती गोवंश के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी राठौड़ ने गोशाला में पशुओं के लालन-पालन एवं खानपान की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ग्वालों से चर्चा कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पावापुरी ट्रस्ट द्वारा बीते 26 वर्षों से निरंतर अबोल पशुओं की सेवा का जो कार्य किया जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है।
इस दौरान उन्होंने के.पी. संघवी आर्ट गैलरी में प्रदर्शित 111 हस्त पेंटिंग्स का अवलोकन किया तथा तीर्थ पर आधारित 2026 की नई डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी देखी।
ट्रस्ट की ओर से मैनेजिंग ट्रस्टी महावीर जैन ने उनका स्वागत करते हुए तीर्थ, गोशाला और पूरे परिसर की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले 25 वर्षों में तीर्थ पर लगभग 90 लाख श्रद्धालु आ चुके हैं।
एसपी राठौड़ ने विजिट बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि तीर्थ में आकर उन्हें विशेष सुकून मिला। उन्होंने संस्थापक के.पी. संघवी परिवार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मातृभूमि में एक अद्भुत तीर्थ और गौशाला का निर्माण कर धर्म एवं जीवदया का बड़ा केंद्र स्थापित किया है, जिससे राजस्थान को एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापार के अवसर भी प्राप्त हुए हैं।
अंत में ट्रस्ट द्वारा एसपी राठौड़ का साफा पहनाकर सम्मान किया गया।




