ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
जहाजपुर। नेशनल हाईवे 148D स्थित कोटा रोड पर शक्करगढ़ चौराहे के समीप देर रात डंपर और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे दोनों वाहन जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईवे पर अचानक आए आवारा पशु को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग भड़क उठी। हालांकि गनीमत रही कि दोनों वाहन चालक समय रहते बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जहाजपुर नगरपालिका की दमकल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने जहाजपुर पुलिस के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मामले में एसआई देवराज सिंह ने बताया कि हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू करवा दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




