ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं। जिले के नवलगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोलसिया में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 2 हजार रुपये नकद सहित भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में तथा वृताधिकारी महावीर सिंह व थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में नवलगढ़ थाना व जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल को ग्राम कोलसिया में दबिश देकर आरोपी रविन्द्र कुमार, रामचन्द्र और अशोक कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 19 एंड्रॉयड मोबाइल, 26 सिम कार्ड, 34 एटीएम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 8 चेकबुक, एक डोंगल और 3 डायरियां बरामद की गईं। डायरियों में करोड़ों रुपये के लेनदेन का हिसाब-किताब दर्ज मिला है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। ये लोग भोले-भाले लोगों के बैंक खाते किराए पर लेकर उनके माध्यम से लेनदेन करते थे। मोबाइल फोन के जरिए व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप बनाकर देशभर से ग्राहकों को जोड़ते और ऑनलाइन आईडी बनाकर सट्टा खिलाते थे।
सट्टे से अर्जित राशि को आरोपी बिटकॉइन और यूएसडीटी जैसी क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर विभिन्न खातों के जरिए निकालते थे। पुलिस ने बताया कि जब्त एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक के जरिए करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया है।
फिलहाल आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही उनकी संपत्तियों की जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।




