ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रविवार को शाहपुरा में ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। विप्र सेना तहसील अध्यक्ष हेमराज शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में समाजजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रातःकाल 8 बजे पंडित विनीत गौड़ के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान परशुराम की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान पूर्वक जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
तहसील अध्यक्ष हेमराज शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम शक्ति और शास्त्र के अद्भुत संगम हैं तथा उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में विप्र बंधु उपस्थित रहे, जिन्होंने भगवान की आरती कर प्रसाद वितरण किया।
शादी समारोहों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित वाहन रैली को स्थगित कर दिया गया। वहीं शाम 6:30 बजे आयोजित महाआरती में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए समाजजनों से अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को भगवान परशुराम जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता का संदेश दिया।




