ब्यूरो चीफ: चित्रांश शर्मा
शाहपुरा। गो सम्मान अभियान के तहत जिलेभर में जनजागरण को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। अभियान की शुरुआत गांव-गांव पोस्टर विमोचन के साथ की गई, वहीं हस्ताक्षर अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाना, गो सेवा के लिए केंद्रीय कानून बनवाना और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है।
जिला गो प्रचारक रामेश्वर लाल धाकड़ ने बताया कि इस अभियान के तहत पूरे देश की 5000 तहसीलों में आगामी 27 अप्रैल को तहसील मुख्यालयों पर महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन (प्रार्थना पत्र) सौंपे जाएंगे। इसी क्रम में जिले में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि तहसील गो प्रभारी सुगन बोहरा, भगवत सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने शाहपुरा, माताजी का खेड़ा, संतोषपुरा, भीमपुरा, दोहरिया, रहड़, मोतीपुरा, बालापुरा, बासेड़ा, रघुनाथपुरा, बच्छखेड़ा, टोपा सहित करीब 15 गांवों में पहुंचकर पोस्टर विमोचन किया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को गो संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया और उनसे हस्ताक्षर अभियान में भागीदारी की अपील की गई। इस दौरान करीब 500 पत्रक वितरित किए गए तथा प्रत्येक गांव में हस्ताक्षर पत्रक प्रभारी भी नियुक्त किए गए, जो अभियान को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह अभियान गांव-ढाणी तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जा रहा है, ताकि गो संरक्षण को लेकर जनसमर्थन मजबूत हो सके।




