ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा (भीलवाड़ा)। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई द्वारा शहर में स्वच्छता एवं सीवरेज प्रबंधन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक सामाजिक विकास विशेषज्ञ महेंद्र सिंह राणावत ने तहनाल गेट स्थित रेगर मोहल्ले में घर-घर जाकर लोगों को परियोजना की जानकारी दी।
राणावत ने बताया कि अब घरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलजल को विशेष टैंकरों के माध्यम से एकत्रित कर जहाजपुर रोड पर निर्माणाधीन एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) तक ले जाया जाएगा। वहां इस मलजल का वैज्ञानिक तरीके से उपचार (ट्रीटमेंट) किया जाएगा। उपचार के बाद निकलने वाले अवशेष से जैविक खाद तैयार की जाएगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलेगा। साथ ही उपचारित जल का उपयोग पेड़-पौधों की सिंचाई में किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से शहर में पहले फैलने वाली गंदगी से मुक्ति मिलेगी और वातावरण अधिक स्वच्छ एवं सुरक्षित बनेगा।
राणावत ने आमजन से अपील की कि वे नगर पालिका द्वारा संचालित कचरा संग्रहण गाड़ी में ही कचरा डालें, ताकि शहर की गलियां और नालियां साफ-सुथरी बनी रहें। अभियान के दौरान स्थानीय निवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनसहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।




