ब्यूरो रिपोर्ट: प्रहलाद जणवा
बंबोरी गांव इन दिनों भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा हुआ है। समस्त जणवा समाज के सहयोग से श्री चारभुजा नाथ मंदिर में विराजमान ठाकुर जी का विवाह महामाया तुलसा माता के साथ धूमधाम से आयोजित किया जा रहा है। शुभ लग्न प्रारंभ होते ही पूरे गांव में धार्मिक माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु उत्साहपूर्वक आयोजन में भाग ले रहे हैं।
6 मई को निकलेगी भव्य बारात
विवाह समारोह के तहत 6 मई को प्रातः 6 बजे भगवान शालिग्राम की बारात श्री चारभुजा नाथ मंदिर बंबोरी से बस द्वारा निकटवर्ती गांव भानुजा के लिए रवाना होगी, जहां विधि-विधान के साथ ठाकुर जी का विवाह संपन्न कराया जाएगा।
रोजाना निकल रही शाही सवारी, बिंदोला का उल्लास
पिछले एक सप्ताह से जणवा समाज के युवा और समाजजन विवाह की तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रतिदिन ठाकुर जी का बिंदोला बैंड-बाजों के साथ निकाला जा रहा है, जिसमें ठाकुर जी को पूरे गांव में नगर भ्रमण कराया जा रहा है। श्रद्धालु भक्ति भाव से बिंदोला जिमाने का पुण्य लाभ ले रहे हैं।
हड़मतिया जागीर में हुआ भव्य स्वागत
रविवार को ठाकुर जी का बिंदोला निकटवर्ती गांव हड़मतिया जागीर पहुंचा, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शाही रथ में विराजमान ठाकुर जी के साथ नाचते-गाते हुए करीब 4 किलोमीटर की यात्रा की। गांववासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बारातियों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान माताएं, बुजुर्ग और युवा सभी भक्ति में लीन नजर आए।
बिंदोला कार्यक्रम के बाद ठाकुर जी पुनः श्री चारभुजा नाथ मंदिर लौटे। अब पूरे क्षेत्र की नजरें 6 मई को होने वाले इस भव्य विवाह उत्सव पर टिकी हुई हैं, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।




