ब्यूरो चीफ: चित्रांश शर्मा, शाहपुरा (भीलवाड़ा)
फूलडोल महोत्सव 2025 के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय पीठ रामनिवास धाम में आयोजित रात्रिकालीन धर्मसभा के दौरान क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान किया गया। धर्मसभा में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच आचार्य श्री रामदयाल जी महाराज ने पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रसाद भेंट कर उनके उत्कृष्ट पत्रकारिता कार्यों की सराहना की।
आचार्य श्री रामदयाल जी महाराज ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि रामनिवास धाम में चल रहे फूलडोल महोत्सव की बेहतरीन कवरेज कर पत्रकारों ने इस धार्मिक आयोजन की महिमा को व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है।
इस अवसर पर सम्मानित होने वाले पत्रकारों में वरिष्ठ पत्रकार रवि सोनी, राष्ट्रीय हिंदी दैनिक खबर का असर के ब्यूरो चीफ एवं भीलवाड़ा के वेब चैनल द वॉयस ऑफ राजस्थान के संपादक मोनू सुरेश छीपा, पत्रिका के संवाददाता महावीर मीणा तथा राजस्थान धड़कन के पत्रकार नरेश व्यास शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने फूलडोल महोत्सव की भव्यता एवं आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया।




